उत्तर प्रदेश

पुलिस अधोसंरचना में एक नई उपलब्धि: थाना सेक्टर-63 के नवनिर्मित भवन और जिले के पहले ई-मालखाने का लोकार्पण

थाना सेक्टर-63 का यह नया भवन अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त है। इसमें आधुनिक प्रशासनिक कार्यालय, महिला हेल्प डेस्क, साइबर सेल, सीसीटीएनएस कक्ष, विवेचना कक्ष, हवालात, ई-मालखाना और रेस्ट रूम जैसी सुविधाएं शामिल हैं।

उत्तर प्रदेश
starnewslive.in
Star news
  • 9 June 2025,
  • (अपडेटेड 9 जून 2025, 05:02 PM)

पुलिस आयुक्त गौतमबुद्धनगर लक्ष्मी सिंह ने आज थाना सेक्टर-63 के नवनिर्मित प्रशासनिक भवन, आवासीय परिसर तथा जिले के पहले ई-मालखाने का विधिवत लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने परिसर में पौधरोपण कर स्वच्छ पर्यावरण और स्वस्थ जीवन का संदेश भी दिया।

पुलिस आयुक्त ने इस मौके पर कहा कि पुलिसिंग को अधिक सुलभ, पारदर्शी और प्रभावी बनाना उनका मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने बताया कि यह नवनिर्मित भवन नागरिकों को बेहतर सेवा प्रदान करेगा और साथ ही पुलिसकर्मियों को भी एक सुविधाजनक व समर्पित कार्य वातावरण उपलब्ध कराएगा।

मॉडल पुलिस स्टेशन की तरह काम करेगा नया थाना

थाना सेक्टर-63 का यह नया भवन अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त है। इसमें आधुनिक प्रशासनिक कार्यालय, महिला हेल्प डेस्क, साइबर सेल, सीसीटीएनएस कक्ष, विवेचना कक्ष, हवालात, ई-मालखाना और रेस्ट रूम जैसी सुविधाएं शामिल हैं। भवन में ग्रीन एनर्जी, निरंतर विद्युत आपूर्ति, तेज इंटरनेट कनेक्टिविटी और पेपरलेस कार्यप्रणाली जैसे प्रयासों को भी प्रमुखता दी गई है।

गौतमबुद्धनगर का पहला ई-मालखाना

लोकार्पित ई-मालखाना एक महत्वपूर्ण नवाचार है, जो साक्ष्य प्रबंधन को डिजिटल और पारदर्शी बनाता है। इससे न केवल जमा की गई संपत्ति को सुरक्षित और वैज्ञानिक ढंग से संरक्षित किया जा सकेगा, बल्कि जांच अधिकारियों को भी त्वरित जानकारी प्राप्त होगी। यह जनसेवा को भी अधिक सशक्त बनाने की दिशा में एक अहम कदम है।

पुलिसकर्मियों के लिए बेहतर आवासीय सुविधा

नई इमारत में पुलिसकर्मियों के लिए आवासीय परिसर का निर्माण भी किया गया है, जिसमें उनके आराम और मानसिक संतुलन को ध्यान में रखते हुए बाह्य गतिविधियों की व्यवस्था, स्वच्छ भोजन हेतु मेस और अन्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

महिलाओं और आगंतुकों के लिए विशेष प्रबंध

भवन में महिलाओं के लिए एक समर्पित महिला हेल्प डेस्क बनाई गई है, जहाँ 24x7 महिला पुलिसकर्मी तैनात रहेंगी। इसके अलावा आगंतुकों के बैठने, पार्किंग और अन्य मूलभूत सुविधाओं का भी ध्यान रखा गया है ताकि आमजन की शिकायतों का समाधान शीघ्रता से किया जा सके।

ग्राम प्रहरियों को किया गया सम्मानित

कार्यक्रम के अंत में पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह ने ग्राम प्रहरियों को सम्मानित कर उन्हें किट वितरित की।

इस अवसर पर अपर पुलिस आयुक्त कानून व्यवस्था राजीव नारायण मिश्र, अपर पुलिस आयुक्त मुख्यालय अजय कुमार, पुलिस उपायुक्त नोएडा यमुना प्रसाद, पुलिस उपायुक्त सेंट्रल नोएडा शक्ति मोहन अवस्थी, पुलिस उपायुक्त ट्रैफिक लखन सिंह यादव सहित कई वरिष्ठ अधिकारीगण मौजूद रहे।

अन्य खबरें