Star news
- 17 May 2024,
- (अपडेटेड 17 मई 2024, 12:26 PM)
मामला थाना सेक्टर-113 क्षेत्र के सोरखा गांव का सामने आया है, जहां एक कुत्ते ने आठ साल के मासूम को काटा है. पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कुत्ते के मालिक को जेल भेज दिया है.
नोएडा में कुत्तों के हमले का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है. आए दिन इस तरह के मामले सामने आ रहे हैं. ताजा मामला थाना सेक्टर-113 क्षेत्र के सोरखा गांव का सामने आया है, जहां एक कुत्ते ने आठ साल के मासूम को काटा है. घटना के बाद बच्चे की मां ने कुत्ते के मालिक के खिलाफ पुलिस को शिकायत दी, जिसके आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कुत्ते के मालिक को जेल भेज दिया है.
दरअसल आरोप है कि पिटबुल नस्ल के कुत्ते ने बच्चे पर हमला किया. घायल बच्चे का एक निजी अस्पताल में इलाज हुआ है. हालाँकि पुलिस का कहना है कि काटने वाला कुत्ता पिटबुल नस्ल का नहीं है.
पुलिस को दी अपनी शिकायत में बच्चे की मां ने बताया कि वह सोरखा गांव की रहने वाली है. बुधवार को 14 मई की शाम सात बजे उनका बेटा अपनी मामी के घर गया था, जो कि पड़ोस में मूलचंद के मकान में किराए पर रहती हैं. आरोप है कि मकान मालिक मूलचंद का बेटे अभिषेक ने पिटबुल नस्ल का कुत्ता पाला हुआ है. और उसने उनके बेटे शिवम पर हमला करके उसको गंभीर रूप से घायल कर दिया.
कुत्ते ने उनके बेटे के पेट, हाथ समेत शरीर के पांच अंगों पर काटा है. आरोप है कि आरोपी कुत्ते के मुंह पर मजल नहीं लगाते हैं. जिसके कारण जब भी कोई वहां जाता है कुत्ता उन लोगों पर हमला कर देता है.
इस पूरे मामले में पुलिस का कहना है कि महिला की शिकायत पर केस दर्ज कर कुत्ते के मालिक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है.