Star news
- 11 February 2026,
- (अपडेटेड 11 फ़रवरी 2026, 01:51 AM)
जेवर एयरपोर्ट को लेकर गतिविधियां उस समय और तेज हो गईं जब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सलाहकार अवनीश कुमार अवस्थी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एयरपोर्ट की तैयारियों से जुड़ा वीडियो साझा किया.
उत्तर प्रदेश के महत्वाकांक्षी ड्रीम प्रोजेक्ट जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट को लेकर बड़ी और सकारात्मक खबर सामने आई है. आधिकारिक सूत्रों के अनुसार एयरपोर्ट का निर्माण कार्य पूरी तरह से पूरा हो चुका है और अब इसके उद्घाटन तथा फ्लाइट संचालन शुरू करने की प्रक्रिया तेज गति से चल रही है. एयरपोर्ट से विमान सेवाएं शुरू होते ही यह उत्तर प्रदेश का पांचवां अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा बन जाएगा. इसे नोएडा, ग्रेटर नोएडा और पूरे यमुना प्राधिकरण क्षेत्र की अर्थव्यवस्था के लिए बड़ा बदलाव लाने वाला प्रोजेक्ट माना जा रहा है.
‘एयरपोर्ट तैयार’… अवनीश अवस्थी का संकेत
जेवर एयरपोर्ट को लेकर गतिविधियां उस समय और तेज हो गईं जब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सलाहकार अवनीश कुमार अवस्थी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एयरपोर्ट की तैयारियों से जुड़ा वीडियो साझा किया. करीब 3 मिनट 43 सेकंड के वीडियो में एयरपोर्ट का आधुनिक ढांचा और तैयारियों की झलक दिखाई गई है. इस पोस्ट से यह स्पष्ट संकेत मिला कि एयरपोर्ट उद्घाटन के लिए लगभग तैयार हो चुका है. इसके बाद अब सबसे बड़ा सवाल उद्घाटन की आधिकारिक तारीख को लेकर उठ रहा है.
सीएम योगी की समीक्षा के बाद तेज हुई तैयारियां
हाल ही में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नोएडा पहुंचकर जेवर एयरपोर्ट परियोजना की विस्तृत समीक्षा की थी. समीक्षा बैठक के दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्माण और संचालन से जुड़े सभी कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए. इसके अलावा केंद्रीय बजट 2026 के बाद लखनऊ में मीडिया से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने संकेत दिया था कि फरवरी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों एयरपोर्ट के उद्घाटन की संभावना है, हालांकि अंतिम तारीख की आधिकारिक घोषणा अभी नहीं की गई है.
यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) के अतिरिक्त मुख्य कार्यपालक अधिकारी शैलेंद्र कुमार भाटिया पहले ही बता चुके हैं कि एयरपोर्ट का निर्माण कार्य पूरी तरह पूरा हो चुका है. उन्होंने जानकारी दी थी कि निर्माण पूरा होने के बाद सुरक्षा ऑडिट और अन्य तकनीकी जांच अंतिम चरण में हैं. साथ ही एयरोड्रम लाइसेंस जारी करने की प्रक्रिया भी अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच चुकी है. उन्होंने यह भी बताया था कि मुख्यमंत्री योगी ने प्रधानमंत्री को उद्घाटन के लिए आमंत्रित किया है और तारीख तय होते ही उद्घाटन के साथ फ्लाइट संचालन भी शुरू कर दिया जाएगा.
जेवर एयरपोर्ट से बदलेगा पूरे क्षेत्र का भविष्य
करीब 3000 एकड़ क्षेत्र में विकसित हो रहा जेवर एयरपोर्ट सिर्फ एक हवाई अड्डा नहीं बल्कि पूरे इलाके के आर्थिक विकास का केंद्र बनता दिखाई दे रहा है. एयरपोर्ट परियोजना के चलते यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में रियल एस्टेट की मांग तेजी से बढ़ी है और जमीन की कीमतों में भी उल्लेखनीय उछाल देखा जा रहा है. इसका असर आगरा सहित आसपास के कई शहरों में भी महसूस किया जा रहा है.
इसके अलावा इंडस्ट्री, लॉजिस्टिक्स, वेयरहाउसिंग और रोजगार से जुड़े निवेश में भी तेज वृद्धि हो रही है. बेहतर कनेक्टिविटी के लिए सड़क, एक्सप्रेसवे और अन्य लिंक परियोजनाओं पर तेजी से काम किया जा रहा है. विशेषज्ञों का मानना है कि जेवर एयरपोर्ट कॉरिडोर आने वाले समय में प्रदेश की प्रीमियम ग्रोथ बेल्ट के रूप में विकसित होगा.
Noida: बांग्लादेशी मरीज की फेलिक्स अस्पताल में सफल ‘नी रिप्लेसमेंट’ सर्जरी
नोएडा 2025-06-09 16:33:37Noida: एक्टिव NGO होली मिलन समारोह में नोएडा की सामाजिक संस्थाओं ने बांधा समा
नोएडा 2025-03-18 17:57:22